रायपुर। भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी ने कहा कि देश में महिलाओं को लगातार आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं। अब शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों की महिलाएं भी आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं।
यह भी पढ़े :- राम मंदिर के पहले CEO बने पूर्व एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा, अब संभालेंगे मंदिर की संचालन व्यवस्था
मीडिया से चर्चा के दौरान रूप कुमारी चौधरी ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले महिलाओं को अपने खर्च के लिए कई बार दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन अब परिस्थितियां बदल रही हैं। महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत होकर देश के विकास में अपनी भागीदारी निभा रही हैं।
राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा और महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी की मौजूदगी में प्रेस को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प लिया है। ऐसा भारत बनाने की परिकल्पना है, जो विश्व का नेतृत्व करे और जिसमें महिलाओं की भी महत्वपूर्ण भूमिका हो।
उन्होंने कहा कि देश में करीब 3 करोड़ महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। आज महिलाएं केवल घर और रसोई तक सीमित नहीं हैं, बल्कि शिक्षा, रोजगार, व्यवसाय, राजनीति समेत विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
देश की आर्थिक वृद्धि दर पर प्रतिक्रिया देते हुए रूप कुमारी चौधरी ने कहा कि विषम वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था लगातार आगे बढ़ रही है। पहली तिमाही में 7.8 प्रतिशत की GDP ग्रोथ को उन्होंने देश के लिए उपलब्धि बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और दृढ़ इच्छाशक्ति को इसका श्रेय दिया।




