दुर्ग। जिला अस्पताल की अटल आरोग्य लैब में कुछ महिला टेक्नीशियंस द्वारा ड्यूटी के दौरान रील बनाए जाने का मामला सामने आया है। रील का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने मामले का संज्ञान लिया। वीडियो में लैब के अंदर ब्लड सैंपल और जांच से जुड़ी गतिविधियों के बीच रील बनाए जाने के दृश्य दिखाई दे रहे हैं।
यह भी पढ़े :- थाना परिसर में दर्दनाक हादसा! वाटर कूलर में करंट से युवक की मौत, बचाने पहुंचा आरक्षक भी झुलसा
मामले को गंभीरता से लेते हुए सिविल सर्जन डॉ. आशीषन मिंज ने जांच के निर्देश दिए हैं। अटल आरोग्य लैब के प्रभारी जेपी मेश्राम को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। वहीं, रील बनाने वाली महिला टेक्नीशियन से भी जवाब-तलब किया गया है।
मरीजों के सैंपल के बीच बनाई रील
वायरल वीडियो में लैब के अंदर मरीजों के सैंपल और जांच से जुड़ी गतिविधियां नजर आ रही हैं। स्वास्थ्य विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि वीडियो कब और किन परिस्थितियों में बनाया गया था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि रील बनाने के दौरान लैब के नियमित कामकाज पर कोई असर पड़ा या नहीं।

विभाग यह भी पता कर रहा है कि वीडियो में किसी मरीज के सैंपल, रिपोर्ट अथवा व्यक्तिगत जानकारी दिखाई दे रही है या नहीं। जांच पूरी होने के बाद जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।
134 प्रकार की जांच की सुविधा
अटल आरोग्य लैब जिला अस्पताल की जांच व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यहां इलाज के लिए आने वाले मरीजों के विभिन्न सैंपल लेकर जांच की जाती है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार लैब में करीब 134 प्रकार की जांच नि:शुल्क की जाती हैं। इसका संचालन HLL कंपनी के माध्यम से किया जा रहा है।

एचआईवी रिपोर्ट को लेकर पहले भी उठा था विवाद
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले इसी लैब की जांच रिपोर्ट को लेकर विवाद सामने आया था। जिला अस्पताल में भर्ती 24 वर्षीय युवक की एचआईवी जांच रिपोर्ट पहली बार पॉजिटिव आई थी। युवक ने रिपोर्ट पर सवाल उठाए, जिसके बाद दोबारा जांच कराई गई। दूसरी जांच में रिपोर्ट निगेटिव आई।
मामला सामने आने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने लैब से संबंधित जानकारी मांगी थी। साथ ही जांच में इस्तेमाल होने वाली मशीनों की जांच और उनका सही तरीके से कैलिब्रेशन कराने के निर्देश दिए गए थे।
सिविल सर्जन बोले- जांच के बाद होगी कार्रवाई
सिविल सर्जन डॉ. आशीषन मिंज ने कहा कि कार्यस्थल और खासकर लैब जैसी संवेदनशील जगह पर ड्यूटी के दौरान इस तरह वीडियो बनाना लापरवाही की श्रेणी में आता है। मामला सामने आते ही जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




