गरियाबंद। जिले में संचालित नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती एक युवक ने बाथरूम में फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। युवक के काफी देर तक बाहर नहीं आने पर केंद्र में मौजूद लोगों को संदेह हुआ। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और बाथरूम का दरवाजा तोड़कर युवक को बाहर निकाला। इसके बाद उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने युवक को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया।
यह भी पढ़े :- नगर निगम परिसर में महापौर की इनोवा में लगी भीषण आग, बाल-बाल बचीं अलका बाघमार
जानकारी के अनुसार, धमतरी निवासी युवक को नशे की लत छुड़ाने के लिए घटना से एक दिन पहले ही नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया था। भर्ती होने के अगले दिन वह बाथरूम में गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर केंद्र के कर्मचारियों को अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
डायल 112 की टीम ने दरवाजा तोड़कर बचाया
सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम नशा मुक्ति केंद्र पहुंची। पुलिसकर्मियों ने बाथरूम का दरवाजा तोड़कर युवक को बाहर निकाला। इसके बाद उसे तत्काल जिला चिकित्सालय गरियाबंद पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने रायपुर रेफर कर दिया।
समाज कल्याण विभाग ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद समाज कल्याण विभाग के अधिकारी भी नशा मुक्ति केंद्र पहुंचे और मामले की जानकारी ली। अधिकारियों ने घटना के कारणों की जांच कराने की बात कही है।
फिलहाल युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। जांच के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।




