दुर्ग। नगर निगम दुर्ग परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब महापौर अलका बाघमार की इनोवा कार में अचानक भीषण आग लग गई। गनीमत रही कि आग लगने से कुछ देर पहले ही महापौर वाहन से उतर चुकी थीं। इससे बड़ा हादसा टल गया। घटना पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। आग लगने की सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। वहीं, फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, महापौर अलका बाघमार करीब 12:15 बजे नगर निगम कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने निगम परिसर में अपनी इनोवा कार खड़ी की और वाहन से उतरकर कार्यालय की ओर चली गईं। इसके कुछ ही देर बाद कार से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते उसमें आग भड़क उठी।
कुछ ही मिनटों में पूरी कार जलकर खाक
निगम परिसर में कार में आग लगने की खबर फैलते ही कर्मचारियों और आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलती गई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
फायर ब्रिगेड के जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। महापौर के मुताबिक, महज 8 से 10 मिनट के भीतर आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया।
कार में रखे महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जले
महापौर अलका बाघमार ने बताया कि कार में कुछ महत्वपूर्ण और कीमती दस्तावेज भी रखे हुए थे, जो आग की चपेट में आकर जल गए। उन्होंने कहा कि उन्हें फिलहाल किसी साजिश की आशंका नहीं है। शुरुआती तौर पर वायरिंग में खराबी या शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की संभावना जताई जा रही है।
महापौर ने बताया कि समय रहते वह वाहन से उतर गई थीं, जिससे उनकी जान बच गई। अगर वह कुछ देर और कार में रहतीं तो हादसा गंभीर हो सकता था।
फोरेंसिक टीम जुटा रही साक्ष्य
घटना की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस भी मामले की जांच कर रही है। फिलहाल आग लगने के कारणों की पुष्टि नहीं हुई है। जांच पूरी होने के बाद ही आग की वास्तविक वजह सामने आएगी।




