कवर्धा। शहर में पालकी यात्रा के दौरान एक युवक की बेरहमी से पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। वायरल वीडियो में कुछ युवक एक व्यक्ति को घेरकर लात-घूंसों से मारते हुए नजर आ रहे हैं। मामले में पुलिस ने वीडियो के आधार पर पांच नाबालिगों को हिरासत में लिया है।
यह भी पढ़े :- अचानकमार टाइगर रिजर्व में बाघिन का हमला, मशरूम लेने गए युवक की मौत
जानकारी के मुताबिक, शहर में पालकी यात्रा निकाली गई थी। इसी दौरान बजरंग चौक के पास किसी मामूली बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और कुछ युवकों ने एक युवक को घेर लिया। इसके बाद उसके साथ जमकर मारपीट की गई।
घटना का वीडियो किसी ने अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच नाबालिगों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ कर घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई थी और मारपीट में कितने लोग शामिल थे।
हालांकि, जिस युवक के साथ मारपीट की गई, उसकी अब तक पहचान नहीं हो पाई है और पुलिस को उसका कोई सुराग नहीं मिला है। ऐसे में पुलिस पीड़ित की तलाश के साथ-साथ वायरल वीडियो की भी जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पीड़ित युवक के सामने आने और उसके बयान के बाद घटना से जुड़ी पूरी तस्वीर और स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल हिरासत में लिए गए नाबालिगों से पूछताछ जारी है।




