अमरावती। महाराष्ट्र के अमरावती स्थित जिला महिला अस्पताल के नियोनेटल इंटेंसिव केयर यूनिट (NICU) में सोमवार तड़के भीषण आग लग गई। हादसे में तीन नवजात शिशुओं की मौत हो गई।
यह भी पढ़े :- ठंडा समोसा लाने पर दोस्तों में विवाद, बहन पर आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद चाकू से हमला
घटना के समय NICU में 39 नवजात भर्ती थे। आग लगने के बाद डॉक्टरों, नर्सों और अस्पताल के कर्मचारियों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू कर अधिकांश बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
वेंटिलेटर में धमाके के बाद लगी आग
जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 3:30 बजे अस्पताल की तीसरी मंजिल पर स्थित NICU में अचानक तेज धमाका हुआ। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह धमाका वेंटिलेटर में हुआ, जिसके बाद आग भड़क उठी। कुछ ही देर में वार्ड में धुआं तेजी से फैल गया।
आग और धुएं के बीच ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों, नर्सों और अन्य कर्मचारियों ने तुरंत नवजातों को बाहर निकालना शुरू किया। अधिकांश बच्चों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाकर उनकी चिकित्सा देखभाल जारी रखी गई।
तीन नवजातों की मौत
हादसे में तीन नवजात गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें बचाने की कोशिश की गई, लेकिन बाद में उनकी मौत हो गई। वहीं, छह नवजातों को बेहतर इलाज के लिए सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में शिफ्ट किया गया है। इन बच्चों को विशेष निगरानी में रखा गया है।
मेडिकल उपकरण और सामान जला
आग के कारण NICU में रखे कई मेडिकल उपकरण और अन्य सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गए। अस्पताल के कर्मचारियों और दमकल कर्मियों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि आग NICU से बाहर अस्पताल के अन्य हिस्सों तक नहीं फैल सकी।
पुलिस और प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता तकनीकी जांच के बाद ही चल सकेगा।




