कोरबा। जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत एसईसीएल सुभाष ब्लॉक कॉलोनी में हुई 29 वर्षीय अंकित सोनवानी की संदिग्ध मौत की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। जांच के बाद पुलिस ने इसे हत्या का मामला पाया है। घटना के आरोप में पुलिस ने मृतक की पत्नी प्रिया सोनवानी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
यह भी पढ़े :- बेमेतरा में सनसनी: घर में खून से लथपथ मिला बुजुर्ग दंपत्ति का शव, नृशंस हत्या से दहला इलाका
शराब के नशे में हुआ विवाद, गुस्से में किया वार
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के अनुसार, मृतक अंकित सोनवानी अक्सर शराब के नशे में अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था। घटना के दिन भी वह शराब पीकर घर पहुंचा और दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। इसी दौरान आक्रोशित होकर प्रिया ने अंकित के पैर में चाकू से हमला कर दिया।
बीमारी के कारण बढ़ा रक्तस्राव, अस्पताल ले जाते समय मौत
जांच में यह बात भी सामने आई कि अंकित को एक ऐसी बीमारी थी, जिसके कारण उसके शरीर में खून का थक्का (Blood Clot) देर से बनता था। पैर में चाकू लगने के बाद काफी देर तक अस्पताल न ले जाने के कारण उसका अत्यधिक खून बह गया और ब्लड प्रेशर गिर गया।
चीख-पुकार सुनकर पहुंचे परिजन उसे तत्काल एसईसीएल अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर हालत में निजी अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि, रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
धारा 105 के तहत मामला दर्ज
मानिकपुर पुलिस ने मामले की विवेचना के बाद आरोपी पत्नी प्रिया सोनवानी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।




