रायपुर। भाजपा की तिरंगा यात्रा को लेकर छत्तीसगढ़ में सियासत तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा और आरएसएस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों ने कभी तिरंगे को स्वीकार नहीं किया, आज वही देशभक्ति का पाठ पढ़ा रहे हैं।
दीपक बैज ने कहा कि जो लोग तिरंगे के तीनों रंगों को अशुभ मानते थे और जिन्होंने आजादी के बाद लंबे समय तक तिरंगा नहीं फहराया, वे आज तिरंगा यात्रा निकालकर देश को देशभक्ति सिखा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस ने कभी तिरंगे को स्वीकार नहीं किया था। बैज ने कहा कि भाजपा नेताओं को अपना इतिहास याद करना चाहिए।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “भाजपाई अपने कर्मों का पाप धोने तिरंगा यात्रा निकाल रहे हैं।”
आदिवासी दिवस पर भी सरकार को घेरा
दीपक बैज ने आदिवासी दिवस को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आदिवासी दिवस पर भाजपा के कई नेताओं की ओर से बधाई संदेश नहीं आया। उन्होंने सवाल उठाया कि छत्तीसगढ़ के आदिवासी नेता, चुने हुए मंत्री, देश की राष्ट्रपति और प्रदेश के आदिवासी मुख्यमंत्री की ओर से बधाई संदेश क्यों नहीं आया।
बैज ने कहा कि 2023 से पहले यही नेता आदिवासी दिवस पर बधाई देते थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद अब ऐसा नहीं हो रहा है। उन्होंने सरकार और भाजपा के आदिवासी नेताओं से सवाल किया कि क्या भाजपा सरकार आदिवासी एकता और अखंडता को कमजोर करना चाहती है।
उन्होंने कहा कि पूर्व सांसद और भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने आदिवासी दिवस पर बधाई दी, जो भाईचारे और एकता की भावना को दर्शाता है।
झीरम घाटी मामले की अंतिम सुनवाई पर उठाए सवाल
झीरम घाटी नक्सली हमले की अदालत में अंतिम सुनवाई को लेकर भी दीपक बैज ने सरकार से कई सवाल किए। उन्होंने कहा कि शहीद परिवार लंबे समय से न्याय की मांग कर रहे हैं और अब जब मामले में अंतिम सुनवाई हो रही है, तो यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि क्या पूरी सच्चाई सामने आ पाएगी।
बैज ने सवाल उठाया कि क्या तत्कालीन सरकार से जुड़े लोगों और सरेंडर नक्सलियों से पर्याप्त पूछताछ हुई? उन्होंने कहा कि झीरम घाटी हमले में शहीद हुए परिवार आज भी न्याय और पूरी सच्चाई सामने आने का इंतजार कर रहे हैं।



