रायगढ़। जिले के औद्योगिक क्षेत्र पूंजीपथरा स्थित मां शिवा प्लांट में बुधवार सुबह बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। प्लांट के इंडक्शन फर्नेस में अचानक तकनीकी गड़बड़ी आने से तेज उफान (बॉयलिंग) की स्थिति बन गई, जिसकी चपेट में आकर पांच श्रमिक गंभीर रूप से झुलस गए।
यह भी पढ़े :- भारी बारिश पर सीएम साय अलर्ट, कलेक्टरों को दिए त्वरित राहत के निर्देश
जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 7 बजे हुआ। घटना के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घायल श्रमिकों की पहचान प्रमोद सोनी, चौखट सिंह, शनि सिंह, चतुर यादव और गुड्डू यादव के रूप में हुई है। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए रायगढ़ स्थित ओपी फोर्टिस हॉस्पिटल ले जाया गया।
सूत्रों के अनुसार, प्रमोद सोनी और चौखट सिंह की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। वहीं, अन्य तीन श्रमिकों का इलाज रायगढ़ में जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पूंजीपथरा थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा हादसे की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में इंडक्शन फर्नेस में तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं। वहीं, प्लांट प्रबंधन घायलों के उपचार की निगरानी कर रहा है और औद्योगिक सुरक्षा मानकों के पालन की भी समीक्षा की जा रही है।



