जगदलपुर। बस्तर जिले के जगदलपुर केंद्रीय जेल में एक अनोखी शादी चर्चा का विषय बन गई। दुष्कर्म के मामले में जेल में बंद एक युवक ने अदालत के निर्देश पर अपनी प्रेमिका के साथ जेल परिसर में सात फेरे लेकर विवाह कर लिया।
यह भी पढ़े :- बिजली की महंगी दर और छात्रों पर लाठी चार्ज के खिलाफ कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन होगा
जानकारी के अनुसार, राजूर गांव निवासी सुरेश सेठिया और मनमती कश्यप लंबे समय से एक-दूसरे से प्रेम करते थे। दोनों अलग-अलग जातियों से होने के कारण युवती के परिजन इस रिश्ते के खिलाफ थे। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने सुरेश के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
युवक के जेल जाने के बाद युवती ने अदालत में पेश होकर बताया कि वह अपनी मर्जी से सुरेश से प्रेम करती है और उसी से विवाह करना चाहती है। उसने कोर्ट से दोनों की शादी कराने की अनुमति देने की मांग की।

युवती के बयान और मामले की परिस्थितियों पर विचार करने के बाद अदालत ने पुलिस और जेल प्रशासन को विवाह की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। आदेश के बाद केंद्रीय जेल परिसर में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कराई गई और दोनों का विवाह संपन्न कराया गया।
जेल परिसर में पहली बार शादी के लिए मंडप सजाया गया, जहां कानूनी औपचारिकताओं और प्रशासनिक निगरानी के बीच दोनों ने सात फेरे लेकर एक-दूसरे को जीवनसाथी के रूप में स्वीकार किया।
यह विवाह अब पूरे बस्तर क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। वहीं, मामले में दर्ज आपराधिक प्रकरण की कानूनी प्रक्रिया अपने निर्धारित नियमों के अनुसार आगे जारी रहेगी।



