पुरी (ओडिशा): ओडिशा के पुरी में आयोजित विश्व प्रसिद्ध भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान मंगलवार को भारी भीड़ के कारण भगदड़ जैसे हालात बन गए। लाखों श्रद्धालुओं की उपस्थिति के बीच अचानक धक्का-मुक्की बढ़ जाने से 200 से अधिक लोगों की तबीयत बिगड़ गई।
यह भी पढ़े :- विधानसभा में प्लास्टिक प्रदूषण पर चिंता, सरकार ने सख्त कार्रवाई और जागरूकता अभियान का दिया भरोसा
दम घुटने और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद प्रभावित लोगों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। इस घटना के बाद कुछ समय के लिए कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
ग्रैंड रोड (बड़ा डांडा) पर बिगड़े हालात
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा पुरी के ग्रैंड रोड (बड़ा डांडा) पर हुआ, जहाँ भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र और देवी सुभद्रा की रथ यात्रा के दर्शन के लिए देश-विदेश से भारी संख्या में श्रद्धालु एकत्रित हुए थे। अत्यधिक भीड़ के कारण कई लोग बीच में ही फंस गए और उन्हें घबराहट व घुटन महसूस होने लगी।
रेस्क्यू टीम ने तुरंत संभाला मोर्चा
स्थिति बिगड़ते ही स्पेशल रेस्क्यू यूनिट (SRU) की टीम ने तत्परता दिखाते हुए राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। बचावकर्मियों ने भीड़ में फंसे अस्वस्थ श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला और इलाज के लिए पुरी जिला मुख्य अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सा अधिकारियों के अनुसार, सभी पीड़ितों पर डॉक्टरों की टीम लगातार नजर बनाए हुए है। कुछ रिपोर्टों में एक व्यक्ति की मृत्यु की आशंका जताई गई है, हालांकि प्रशासन ने अभी तक किसी भी मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पिछले साल भी हुआ था बड़ा हादसा
उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष भी गुंडिचा मंदिर के समीप रथ यात्रा के दौरान अचानक मची भगदड़ में 3 श्रद्धालुओं की जान चली गई थी और 50 से अधिक लोग घायल हुए थे। वह घटना सुबह तड़के करीब 4 से 5 बजे के बीच अनुष्ठान के दौरान अत्यधिक भीड़ और धक्का-मुक्की के कारण हुई थी।



