रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन प्रश्नकाल के दौरान जल जीवन मिशन का मुद्दा सदन में गूंजा। भाजपा विधायक भैयालाल राजवाड़े ने अपने विधानसभा क्षेत्र कोरिया में योजना के क्रियान्वयन पर सवाल उठाते हुए सरकार से जवाब मांगा।
यह भी पढ़े :- डीजल चोरों को थाने से छोड़ने पर एएसआई सस्पेंड
भैयालाल राजवाड़े ने आरोप लगाया कि कोरिया जिले में जल जीवन मिशन के तहत गुणवत्ता के अनुरूप कार्य नहीं हुए हैं। उन्होंने कहा कि कई गांवों में अब तक पेयजल की आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है और योजना का लाभ लोगों तक नहीं पहुंच रहा है।
इस पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) मंत्री अरुण साव ने सदन में जवाब देते हुए कहा कि कोरिया क्षेत्र में जल जीवन मिशन के तहत कार्य जारी हैं और अभी सभी परियोजनाएं पूरी नहीं हुई हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि जहां भी शिकायतें सामने आएंगी, उनकी जांच कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि मंत्री के जवाब से भाजपा विधायक भैयालाल राजवाड़े संतुष्ट नजर नहीं आए। उन्होंने सदन में कहा कि उनके क्षेत्र में जमीनी स्तर पर स्थिति गंभीर है और लोगों को अब तक योजना का अपेक्षित लाभ नहीं मिल रहा है।
जल जीवन मिशन को लेकर हुई इस चर्चा के दौरान सरकार ने कार्यों के पूरा होने का भरोसा दिलाया, जबकि विधायक ने गुणवत्ता और पेयजल आपूर्ति को लेकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई। इससे स्पष्ट हुआ कि योजना के क्रियान्वयन को लेकर सरकार और जनप्रतिनिधियों के बीच अभी भी कई सवाल बने हुए हैं।



