भिलाई। भिलाई नगर निगम में लंबे समय से चल रहे प्रशासनिक और राजनीतिक विवाद के बीच राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए निगम आयुक्त राजीव कुमार पांडेय का तबादला कर दिया है। उन्हें अपर संचालक, उच्च शिक्षा संचालनालय, नवा रायपुर अटल नगर के पद पर पदस्थ किया गया है। उनके स्थान पर 2020 बैच की आईएएस अधिकारी और वर्तमान राजनांदगांव जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) सुरुचि सिंह को भिलाई नगर निगम का नया आयुक्त नियुक्त किया गया है।
यह भी पढ़े :- बदले पहली कक्षा में दाखिले के नियम, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत सरकार का बड़ा फैसला
राजीव कुमार पांडेय और भिलाई की महापौर नीरज पाल के बीच पिछले कई महीनों से विभिन्न प्रशासनिक मुद्दों को लेकर मतभेद सामने आ रहे थे। कांग्रेस पार्षदों ने भी आयुक्त को हटाने की मांग को लेकर लगातार विरोध दर्ज कराया था। महापौर ने इस मामले में कानूनी लड़ाई भी लड़ी थी, हालांकि उनकी याचिका उच्च न्यायालय में खारिज हो गई थी। इसके बावजूद अब जारी तबादला आदेश को राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।
राज्य सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह तबादला तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। नए आदेश के तहत सुरुचि सिंह अब भिलाई नगर निगम की कमान संभालेंगी।
भिलाई नगर निगम के इतिहास में यह नियुक्ति कई मायनों में खास है। 8 जून 1996 को निगम के गठन के बाद अब तक 26 आयुक्त यहां पदस्थ रह चुके हैं। सुरुचि सिंह भिलाई नगर निगम की पहली महिला आयुक्त होंगी, जो इस जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगी।
नई आयुक्त के सामने कई अहम चुनौतियां होंगी। निगम वित्तीय संकट से जूझ रहा है और कर्मचारियों के वेतन भुगतान का मुद्दा लगातार चर्चा में रहा है। इसके अलावा आवास योजनाओं को गति देना, राजस्व वसूली बढ़ाना, विकास कार्यों में तेजी लाना और नागरिक सुविधाओं में सुधार जैसी प्राथमिकताओं पर भी उन्हें काम करना होगा।



