रायपुर। छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन ने सरकारी स्कूलों की समय-सारिणी में एकरूपता लाने की मांग करते हुए स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव को पत्र लिखा है। फेडरेशन ने शनिवार को उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों का संचालन भी प्रातःकालीन (मॉर्निंग) पाली में कराने का सुझाव दिया है।
फेडरेशन का कहना है कि युक्तियुक्तकरण और संकुल व्यवस्था लागू होने के बाद प्राथमिक, माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक विद्यालय आपस में जुड़े हुए हैं, लेकिन अलग-अलग समय-सारिणी के कारण शिक्षकों और प्राचार्यों को शैक्षणिक व प्रशासनिक कार्यों के समन्वय में परेशानी हो रही है।

पत्र में कहा गया है कि यदि सभी स्तर के विद्यालयों का संचालन समान समय पर किया जाए तो विभागीय बैठकें, शैक्षणिक समीक्षा, ऑनलाइन कार्य, परीक्षा संबंधी जिम्मेदारियां और प्रशासनिक कार्य अधिक प्रभावी ढंग से किए जा सकेंगे। इससे शिक्षकों पर अतिरिक्त समय का दबाव भी कम होगा।
फेडरेशन ने शिक्षा विभाग से शनिवार को हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों में भी मॉर्निंग शिफ्ट लागू करने तथा पूरे प्रदेश में स्कूलों की समय-सारिणी एक समान करने के लिए आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की है। अब इस प्रस्ताव पर स्कूल शिक्षा विभाग के निर्णय का इंतजार है।



