बस्तर, 05 जुलाई। Bastar Ganja Seized : छत्तीसगढ़ की बस्तर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 214.300 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत ₹1 करोड़ 7 लाख 15 हजार बताई गई है। यह खेप ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही थी। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी पुलिस को देखकर बारिश और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जबकि दूसरे आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
मुखबिर की सूचना पर बिछाया जाल
4 जुलाई को पुलिस को सूचना मिली कि एक महिंद्रा पिकअप (UP-52-T-2094) में दो लोग ओडिशा से गांजा लेकर धनपुंजी होते हुए जगदलपुर की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने धनपुंजी फॉरेस्ट नाका के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।
पुलिस देखते ही कूदकर भागा तस्कर
संदिग्ध पिकअप को रोकते ही उसमें सवार एक व्यक्ति बारिश और अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन से कूदकर फरार हो गया। वाहन चालक को पकड़कर पूछताछ की गई, जिसने अपना नाम विजय पाण्डेय, निवासी गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) बताया। फरार आरोपी की पहचान सोनू यादव के रूप में हुई है।
9 बोरियों में मिला 214 किलो गांजा
वाहन की तलाशी के दौरान डाले में रखी 9 प्लास्टिक बोरियों से 105 पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 214.300 किलोग्राम निकला। पुलिस ने गांजे के साथ पिकअप वाहन, एक मोबाइल फोन और ₹700 नकद भी जब्त किए हैं।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS Act की धारा 20(b)(ii)(C) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।



