रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के लैलूंगा क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शासकीय महाविद्यालय में पदस्थ प्रोफेसर पर पड़ोस में रहने वाली युवती ने अश्लील मैसेज भेजने और संबंध बनाने का दबाव डालने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोपों से नाराज युवती अपने होने वाले पति के साथ कॉलेज पहुंच गई, जहां विवाद इतना बढ़ गया कि उसने प्रोफेसर की कॉलर पकड़कर थप्पड़ जड़ दिए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
यह भी पढ़े :- हर साल स्नान के बाद क्यों बीमार पड़ जाते हैं भगवान जगन्नाथ? जानिए 14 दिन के एकांतवास का रहस्य
जानकारी के मुताबिक, Government College Kunjara Lailunga में पदस्थ प्रोफेसर रेमन भार्गव पर पड़ोस में रहने वाली युवती ने गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का कहना है कि प्रोफेसर पिछले करीब डेढ़ साल से व्हाट्सएप और टेलीग्राम के जरिए उसे लगातार आपत्तिजनक और अश्लील संदेश भेज रहे थे। इतना ही नहीं, उसने आरोप लगाया कि प्रोफेसर उस पर संबंध बनाने के लिए दबाव भी बना रहे थे, जिससे वह लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान थी।
कॉलेज पहुंचकर हुआ हंगामा
युवती ने बताया कि लगातार हो रहे कथित उत्पीड़न से तंग आकर वह अपने मंगेतर के साथ सीधे कॉलेज पहुंची। यहां प्रोफेसर से बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और गुस्से में युवती ने उनकी कॉलर पकड़ ली और थप्पड़ मार दिए। कॉलेज परिसर में मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल Media पर वायरल हो रहा है।
युवती बोली – मुझे न्याय चाहिए
पीड़ित युवती का कहना है कि अगर उसे न्याय नहीं मिला तो वह कानूनी लड़ाई जारी रखेगी। उसने यह भी कहा कि अगर अन्य लड़कियां भी ऐसी हरकतों का शिकार हुई हैं तो वे सामने आएं और सच बताएं। युवती ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने क्या कहा?
Lailunga Police Station के थाना प्रभारी गिरधारी साव ने बताया कि युवती ने प्रोफेसर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। हालांकि बाद में दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो गया। पुलिस के अनुसार समझौते के बाद फिलहाल मामले में आगे कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।
वीडियो वायरल, आरोपों की पुष्टि नहीं
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, लेकिन युवती द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता हो जाने के कारण फिलहाल जांच आगे नहीं बढ़ाई गई है।



