रायपुर। राजधानी रायपुर की यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और तकनीक से लैस बनाने की दिशा में रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन में कालीबाड़ी स्थित यातायात कार्यालय परिसर में ऑटो और ई-रिक्शा वाहनों में QR कोड चस्पा करने के दूसरे चरण का शुभारंभ किया गया।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ के गूगल बॉय रुद्र शर्मा की प्रेरणादायक पहल – “उन्नति डहर निशुल्क विद्या मंदिर”
इस पहल का मुख्य उद्देश्य शहर और बाहर से आने वाले यात्रियों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है। QR कोड के जरिए अब यात्री ऑटो या ई-रिक्शा में बैठने से पहले मोबाइल कैमरे से स्कैन कर चालक और वाहन की पूरी जानकारी देख सकेंगे। इससे यात्रियों की सुरक्षा बढ़ेगी और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखना आसान होगा।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार कई बार ऑटो और ई-रिक्शा का इस्तेमाल आपराधिक गतिविधियों में होने की शिकायतें मिलती रही हैं। ऐसे में QR कोड सिस्टम लागू होने से यात्रियों में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी। साथ ही यदि कोई यात्री वाहन में अपना सामान भूल जाता है, तो QR कोड के जरिए वाहन मालिक से संपर्क करना आसान होगा। पुलिस ने नागरिकों से बिना QR कोड वाले वाहनों में यात्रा न करने की अपील की है।
इस अभियान का पहला चरण 20 मई को शुरू किया गया था। रायपुर अब देश का पहला जिला बन गया है जहां पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम के तहत चलने वाले वाहनों का डिजिटल रजिस्ट्रेशन किया गया। महज 15 दिनों में 15,047 ऑटो और ई-रिक्शा वाहनों का रजिस्ट्रेशन कर रायपुर ने Golden Book of World Records में अपना नाम दर्ज कराया है। इस उपलब्धि पर पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारियों को सर्टिफिकेट और मेडल देकर सम्मानित किया गया।
पुलिस का कहना है कि इस पहल से शहर में चलने वाले वाहनों की वास्तविक जानकारी एकत्र हो सकी है। अगले चरण में चालकों को परिचय पत्र जारी किए जाएंगे और ऑटो स्टैंड का चिन्हांकन कर सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। यह पहल यातायात अनुशासन के साथ अपराध नियंत्रण में भी मददगार साबित होगी।
इसके अलावा कार्यक्रम में यातायात, साइबर सुरक्षा, महिला अपराध और सड़क सुरक्षा से संबंधित जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार शॉर्ट फिल्मों की स्क्रीनिंग भी की गई। इन फिल्मों को सोशल मीडिया, शहर की एलईडी स्क्रीन, मॉल और पीवीआर के जरिए लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
कार्यक्रम में अमित तुकाराम कांबले (अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर), मयंक गुर्जर (डीसीपी उत्तर), संदीप पटेल (डीसीपी पश्चिम), स्मृतिक राजनाला (डीसीपी क्राइम), अर्चना झा (एडीसीपी मुख्यालय), विवेक शुक्ला (डीसीपी ट्रैफिक एवं प्रोटोकॉल) सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, ऑटो यूनियन पदाधिकारी और यातायात विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सीमा अहिरवार, सहायक पुलिस आयुक्त यातायात ने आभार व्यक्त किया।



