रायपुर। महतारी वंदन योजना से वंचित रह गई पात्र महिलाओं के लिए राहत भरी खबर है। राज्य सरकार जल्द ही योजना का पोर्टल दोबारा शुरू करने जा रही है, जिससे नई पात्र विवाहित महिलाओं को आवेदन करने का अवसर मिलेगा। महिला एवं बाल विकास विभाग ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं और आगामी दिनों में प्रक्रिया शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।
यह भी पढ़े :- PoliceTransfer : छत्तीसगढ़ पुलिस में बड़ा फेरबदल… बस्तर रेंज को मिला नया आईजी…बद्रीनारायण मीणा संभालेंगे कमान
महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बताया कि योजना के विस्तार को लेकर मुख्यमंत्री से सहमति मिल चुकी है। विभागीय स्तर पर तकनीकी और प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में हैं। संभावना है कि एक सप्ताह के भीतर पोर्टल आम लोगों के लिए उपलब्ध करा दिया जाएगा। सरकार चरणबद्ध तरीके से आवेदन प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी कर रही है।
पहले चरण में बस्तर संभाग के जिलों में पोर्टल खोला जाएगा। इसके बाद प्रदेश के अन्य संभागों में भी पात्र महिलाओं के लिए पंजीयन और आवेदन की सुविधा शुरू की जाएगी।
यह पहल उन महिलाओं के लिए खास तौर पर महत्वपूर्ण होगी, जो किसी कारणवश पहले आवेदन नहीं कर पाई थीं या पात्र होने के बावजूद योजना की सूची में शामिल नहीं हो सकी थीं। नए पंजीयन के जरिए अब उन्हें भी योजना का लाभ लेने का अवसर मिलेगा।
गौरतलब है कि महतारी वंदन योजना के तहत पात्र विवाहित महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। इस योजना का उद्देश्य महिलाओं की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाना, परिवार में उनकी भागीदारी बढ़ाना और आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहन देना है।



