महासमुंद। जिले के खल्लारी थाना क्षेत्र अंतर्गत रामखेड़ा झारा नाला के पास उस समय सनसनी फैल गई जब रेत में दबा एक युवती का शव बरामद हुआ। शव का कुछ हिस्सा रेत के बाहर दिखाई दे रहा था, जबकि बाकी हिस्सा रेत में दबा हुआ था। प्रारंभिक स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मामले में हत्या की आशंका जताई है।
जानकारी के अनुसार, स्थानीय ग्रामीणों ने नाले के पास रेत में शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी थी। सूचना मिलते ही खल्लारी थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। मौके पर बड़ी संख्या में लोग भी एकत्र हो गए।
पुलिस को घटनास्थल से एक चप्पल और बालों का गुच्छा भी मिला है, जिन्हें जांच में शामिल किया गया है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक शव लगभग दो दिन पुराना बताया जा रहा है, हालांकि इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जांच कर रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ भी की जा रही है, ताकि मृतका की शिनाख्त और घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।



