बिलासपुर। जिले के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के गणेश नगर में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का खून से लथपथ शव गली के बीचों-बीच पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर युवक की पत्थर से कुचलकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
यह भी पढ़े :- ढोंगी बाबा की घिनौनी करतूत, पूजा-पाठ के बहाने युवती की लूटी अस्मत
मृतक की पहचान गणेश नगर निवासी इरफान बघीरा के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक सुबह घरों से बाहर निकलने पर उन्होंने गली में युवक का शव पड़ा देखा। शव के आसपास काफी मात्रा में खून फैला हुआ था, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान घटनास्थल से खून से सने सीमेंट के दो बड़े पोलनुमा पत्थर बरामद किए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि इन्हीं पत्थरों से हमला कर युवक की हत्या की गई है।
प्रारंभिक जांच में शराब के नशे में हुए किसी विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही हत्या के कारणों और आरोपियों की पहचान का खुलासा किया जाएगा।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और हत्या के पीछे की वजहों का पता लगाने में जुटी हुई है।



