रायपुर। राजधानी में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए टिकरापारा पुलिस ने विशेष अभियान चलाते हुए क्षेत्र के नशेड़ियों, गंजेड़ियों, चाकूबाजों और अड्डेबाजी करने वाले 9 बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध बीएनएसएस की धाराओं के तहत इस्तगासा तैयार कर न्यायिक प्रक्रिया के लिए प्रस्तुत किया है।
यह भी पढ़े :-Salary Hike : संविदा कर्मचारियों के वेतन में इजाफा…! वित्त विभाग ने जारी किया आदेश
पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) संदीप पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त न्यू राजेंद्र नगर नवनीत पाटिल ने थाना क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग बढ़ाने तथा असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।
निर्देशों के पालन में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार मरई के नेतृत्व में टिकरापारा पुलिस की दो अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। टीमों ने क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों में सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी ली गई, वाहनों की जांच की गई और सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी करने वालों पर विशेष निगरानी रखी गई।
अभियान के दौरान पुलिस ने ऐसे 9 लोगों को चिन्हित किया जो क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने, नशाखोरी, अड्डेबाजी और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाए गए। सभी के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 126, 135(3) और 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए इस्तगासा तैयार कर एसीपी कार्यालय में पेश किया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार मरई ने बताया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों में पुलिस का भय कायम रखने के लिए इस प्रकार के अभियान लगातार चलाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी, नशाखोरी और असामाजिक गतिविधियों को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



