रायपुर, 01 जून। Tehsildars’ Strike : सरगुजा के सीतापुर में नायब तहसीलदार के साथ कथित मारपीट की घटना के बाद प्रदेशभर में चल रहे तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों के आंदोलन को लेकर सरकार सक्रिय हो गई है। इस मामले में समाधान तलाशने के लिए सोमवार को राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा के सरकारी निवास पर कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ और राजस्व विभाग के अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में राजस्व विभाग की सचिव शम्मी आबिदी भी मौजूद रहीं। इस दौरान तहसीलदार संघ के प्रतिनिधियों ने अपनी मांगों और आपत्तियों को विस्तार से रखा। वहीं सरकार की ओर से आश्वासन दिया गया कि मामले का जल्द समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
सीतापुर घटना के बाद प्रदेशव्यापी आंदोलन
गौरतलब है कि सीतापुर में भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों द्वारा नायब तहसीलदार तुषार मानिक के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया था। घटना के बाद प्रदेश के तहसीलदार और नायब तहसीलदार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पहले कलमबंद हड़ताल पर गए और अब अनिश्चितकालीन आंदोलन तथा सामूहिक अवकाश पर हैं।
राजस्व अधिकारियों का कहना है कि मुख्य आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और गिरफ्तारी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। हड़ताल के चलते प्रदेश के कई तहसील कार्यालयों में राजस्व संबंधी कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
मंत्री बोले- जल्द निकलेगा समाधान
मीडिया से चर्चा के दौरान राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि सरकार मामले को गंभीरता से ले रही है और सचिव स्तर पर लगातार संवाद जारी है।
उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग की सचिव संघ के प्रतिनिधियों से चर्चा कर रही हैं और जो भी विवाद उत्पन्न हुआ है, उसका समाधान जल्द निकाल लिया जाएगा। मंत्री ने विश्वास जताया कि आंदोलनरत अधिकारी शीघ्र ही काम पर लौटेंगे और स्थिति सामान्य हो जाएगी।
विधायक के खिलाफ कार्रवाई की मांग
सूत्रों के अनुसार तहसीलदार संघ सीतापुर घटना में संबंधित विधायक के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़ा हुआ है। इसी मुद्दे को लेकर संघ के प्रतिनिधि लगातार सरकार और विभागीय अधिकारियों से चर्चा कर रहे हैं।
हालांकि राजस्व मंत्री ने कहा कि उनकी संघ से प्रत्यक्ष बातचीत नहीं हुई है, लेकिन विभागीय स्तर पर संवाद जारी है और सकारात्मक समाधान की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
अधिकारियों की भूमिका पर मंत्री की टिप्पणी
टंक राम वर्मा ने कहा कि अधिकारी और कर्मचारी शासन की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और सरकार सभी वर्गों के साथ न्याय करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार “सबका साथ, सबका विकास” के सिद्धांत पर काम करती है और सभी पक्षों के साथ न्याय सुनिश्चित किया जाएगा।
हालांकि मंत्री ने यह भी कहा कि जब सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक बाधाएं आती हैं तो परिस्थितियां तनावपूर्ण हो जाती हैं। ऐसे मामलों में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करना भी उचित हो सकता है।
रमन सिंह की टिप्पणी पर भी दी प्रतिक्रिया
बेमेतरा में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के सामूहिक विवाह समारोह में अव्यवस्था को लेकर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह द्वारा अधिकारियों को फटकार लगाने के वायरल वीडियो पर पूछे गए सवाल के जवाब में मंत्री ने कहा कि डॉ. रमन सिंह अनुभवी नेता हैं और परिस्थितियों को देखकर ही अपनी बात रखते हैं।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों में अतिथियों की गरिमा के अनुरूप व्यवस्थाएं होनी चाहिए और विधानसभा अध्यक्ष ने जो कहा, वह परिस्थितियों के अनुरूप कहा होगा।
फिलहाल सरकार और तहसीलदार संघ के बीच वार्ता जारी है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि बातचीत के बाद क्या सहमति बनती है और प्रदेशभर में जारी राजस्व अधिकारियों का आंदोलन कब समाप्त होता है।




