बालोद। जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी टीवीएस एक्सेल वाहन में गांजा लेकर जा रहा था, जिसे पुरुर थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर धर दबोचा।
यह भी पढ़े :- कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई: 180 क्विंटल अमानक खाद जब्त, दुकानदारों को नोटिस जारी
जानकारी के अनुसार, पुरुर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति टीवीएस एक्सेल 100 क्रमांक CG 24 K 0170 में मादक पदार्थ गांजा लेकर जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जोगेंद्र साहू अपनी टीम के साथ सक्रिय हुए और मूरपार के पास घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।
तलाशी के दौरान वाहन से 12.100 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 6 लाख 5 हजार रुपये बताई जा रही है। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रवि नेताम पिता नरेश नेताम (40 वर्ष) निवासी मनेरीपारा, कसेरी गांव बताया।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह गांजा बालोद से रायपुर ले जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा और तस्करी में इस्तेमाल वाहन को जब्त कर लिया है।
मामले में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।



