CG Weather Update : रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग समेत कई शहरों में तापमान 45 डिग्री के करीब पहुंच गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 18 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। अगले 5 दिनों तक गर्म हवाओं और तेज तपिश से राहत मिलने के आसार कम हैं।
यह भी पढ़े :- नौतपा में सूर्य-मंगल का अग्नि संयोग, करियर और बिजनेस में बड़े उलटफेर के संकेत
शनिवार को प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क रहा और कई क्षेत्रों में गर्मी की लहर जैसी स्थिति बनी रही। इस दौरान प्रदेश का सबसे अधिक तापमान 46 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया। (CG Weather Update)
मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा के अनुसार, दक्षिण बिहार और आसपास के क्षेत्रों में 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। वहीं दक्षिण-पश्चिम बिहार से उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश तक छत्तीसगढ़ होते हुए उत्तर-दक्षिण द्रोणिका भी बनी हुई है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में उत्तर-पश्चिम दिशा से लगातार गर्म और शुष्क हवाओं का प्रवेश हो रहा है, जिसके कारण अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी का क्रम जारी है। आने वाले दिनों में तापमान में हल्की वृद्धि के साथ गर्मी और लू की स्थिति बनी रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने बिलासपुर, रायगढ़, मुंगेली, रायपुर, बलौदाबाजार, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, राजनांदगांव, सारंगढ़-बिलाईगढ़, सक्ती, कोरबा, जांजगीर-चांपा, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, बालोद और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिलों में एक-दो स्थानों पर हीटवेव चलने की संभावना जताई है। इन जिलों के लिए ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। (CG Weather Update)



