गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। मरवाही वनमंडल के जंगलों में दुर्लभ एल्बिनो यानी सफेद भालू के दिखाई देने से ग्रामीणों में आश्चर्य के साथ-साथ दहशत का माहौल भी बन गया है। वहीं वन विभाग ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अलर्ट जारी कर दिया है।
यह भी पढ़े :- कोंडागांव में अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़, दिल्ली-यूपी से 7 आरोपी गिरफ्तार
जानकारी के अनुसार, आमाडांड गांव के जंगलों में काले भालुओं के बीच एक सफेद भालू दिखाई दिया, जिसे ग्रामीणों ने पहली बार देखा। यह दुर्लभ दृश्य होने के बावजूद क्षेत्र में चिंता बढ़ गई है क्योंकि इसी भालू के हमले की घटना भी सामने आई है।
बताया जा रहा है कि सफेद भालू ने स्थानीय निवासी लल्लू ड्राइवर पर अचानक हमला कर दिया, जिसमें उसके हाथ गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
वन विभाग के अनुसार, यह भालू किसी अलग प्रजाति का नहीं है, बल्कि यह एल्बिनो अवस्था है, जिसमें आनुवंशिक कारणों से शरीर में मेलेनिन की कमी हो जाती है और जानवर का रंग सामान्य काले के बजाय सफेद दिखाई देता है।
घटना के बाद वन विभाग की टीम मौके पर तैनात कर दी गई है और ग्रामीणों को जंगल क्षेत्र में सतर्क रहने तथा अकेले न जाने की सलाह दी गई है। विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी और अप्रिय घटना को रोका जा सके।



