बेमेतरा। जिले के नवागढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम कुंवारा निवासी सतीश मारकंडे का एक अनोखा आवेदन इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। उन्होंने आबकारी विभाग को आवेदन सौंपकर मांग की है कि शासन द्वारा बेची जाने वाली शासकीय शराब की बोतलों पर भी मुख्यमंत्री और प्रभारी मंत्री की तस्वीरें अंकित की जाएं।
यह भी पढ़े :- CG RTE Admissions 2026: निजी स्कूलों का बड़ा यू-टर्न, 18 मई से फिर शुरू होंगे RTE एडमिशन
आवेदन में सतीश मारकंडे ने उल्लेख किया है कि जिस प्रकार शासन की विभिन्न योजनाओं, प्रचार सामग्री और सरकारी कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों की तस्वीरें लगाई जाती हैं, उसी तरह शासकीय उत्पादों में भी यह व्यवस्था लागू की जानी चाहिए।

बताया जा रहा है कि यह आवेदन सुशासन तिहार के दौरान आबकारी विभाग को सौंपा गया था। आवेदन सामने आने के बाद यह स्थानीय स्तर पर चर्चा का केंद्र बन गया और देखते ही देखते सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
मामले को लेकर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे व्यंग्य और तंज के रूप में देख रहे हैं, जबकि कुछ इसे शासन व्यवस्था के खिलाफ प्रतीकात्मक विरोध बता रहे हैं। वहीं कई लोगों का कहना है कि यह ध्यान आकर्षित करने का एक अनोखा तरीका है।
फिलहाल इस मामले में आबकारी विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब देखना होगा कि विभाग इस आवेदन पर क्या रुख अपनाता है और क्या कोई औपचारिक जवाब जारी किया जाता है।



