नई दिल्ली। भारतीय सेना प्रमुख उपेंद्र द्विवेदी ने पाकिस्तान को आतंकवाद को लेकर कड़ी चेतावनी दी है। शनिवार को आयोजित ‘सेना संवाद’ कार्यक्रम में उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यदि पाकिस्तान आतंकवादियों को पनाह देना और भारत विरोधी गतिविधियां जारी रखता है, तो उसे तय करना होगा कि वह “भूगोल का हिस्सा बना रहना चाहता है या फिर इतिहास का।”
दरअसल, जनरल द्विवेदी से पूछा गया था कि यदि भविष्य में फिर से वैसे हालात बनते हैं, जैसे पिछले साल ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान बने थे, तो भारतीय सेना की प्रतिक्रिया क्या होगी। इस पर उन्होंने सख्त लहजे में जवाब देते हुए कहा कि अगर पाकिस्तान ने कोई भूल की, तो भारत उसे करारा जवाब देगा। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना देश की सुरक्षा और संप्रभुता की रक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाने को तैयार है।
सेना प्रमुख ने यह भी स्पष्ट किया कि भारत आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रहा है और सीमा पार से होने वाली किसी भी साजिश का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
गौरतलब है कि भारतीय कार्रवाई के बाद पाकिस्तान की ओर से जवाबी हमले भी किए गए थे। इसके बाद भारत ने भी सैन्य अभियान के तहत पलटवार किया था। दोनों परमाणु संपन्न देशों के बीच यह तनाव करीब 88 घंटे तक चला। बाद में 10 मई की शाम दोनों देशों के बीच आपसी समझ बनने के बाद संघर्ष विराम लागू हुआ और हालात सामान्य होने लगे।



