बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में देर रात एक अपार्टमेंट में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत मंगला स्थित भाटिया रेसिडेंसी अपार्टमेंट के चौथे माले पर स्थित एक फ्लैट में रात करीब 1:30 बजे अचानक आग लग गई।
यह भी पढ़े :- फायरिंग कांड में दूसरी युवती की मौत, पारिवारिक विवाद में चली थी गोली
घटना के समय फ्लैट में रहने वाले प्रॉपर्टी डीलर यश रेलवानी अपनी मां और बहन के साथ बाहर गए हुए थे। बताया जा रहा है कि उनकी बहन की तबीयत अचानक खराब हो गई थी, जिसके चलते वे उसे अस्पताल लेकर गए थे। इसी दौरान पड़ोसियों ने उन्हें फोन कर सूचना दी कि उनके फ्लैट से आग की लपटें निकल रही हैं।
जब तक यश रेलवानी वापस लौटते, तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया था और पूरे फ्लैट में फैल चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
इस हादसे में घर के अंदर रखा पूरा घरेलू सामान जलकर खाक हो गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक लाखों रुपये का नुकसान हुआ है, हालांकि सटीक आंकलन अभी नहीं हो सका है।
गनीमत रही कि घटना के समय फ्लैट में कोई मौजूद नहीं था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आग लगने के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं इस घटना के बाद अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।



