दुर्ग। जिले में दूसरे व्यक्ति के नाम पर मोबाइल सिम कार्ड लेकर कमीशन पर बेचने और उसके जरिए संगठित रूप से अवैध आर्थिक लेन-देन करने के मामले में दुर्ग जिले की नेवई पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
प्रार्थी आयुष ताम्रकार की शिकायत पर दर्ज मामले की जांच करते हुए पुलिस ने टी भार्गव राव, ज्ञानेश मंडावी, हर्षित साहू और दीपक प्रजापति को गिरफ्तार किया। इन सभी आरोपीयों की उम्र 20 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है और चारों दुर्ग जिले के निवासी हैं।
आयुष ताम्रकार ने नेवई थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि टी भार्गव राव ने उनके नाम पर मोबाइल दुकान से सिम कार्ड जारी करवाया और फिर उसे कमीशन के आधार पर अन्य साथियों को बेच दिया। आरोपियों ने इस सिम का इस्तेमाल कर अवैध आर्थिक गतिविधियां संचालित कीं।
पुलिस ने आरोपीयों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। एक अन्य आरोपी फैजान कुरैशी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस अब आरोपियों के बैंक खातों और अन्य सिम कार्डों की विस्तृत जांच कर रही है ताकि इस पूरे गिरोह का खुलासा हो सके और अन्य संभावित पीड़ितों की पहचान की जा सके।



