रायपुर। राजधानी रायपुर में कमिश्नरेट पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नशीली टेबलेट की अवैध बिक्री में शामिल दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 29,200 रुपये मूल्य की प्रतिबंधित टेबलेट बरामद की गई है।
यह कार्रवाई टिकरापारा थाना क्षेत्र के गोकुल नगर श्मशान घाट के पास की गई, जहां आरोपी ग्राहकों की तलाश में खड़े थे। एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट को मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर दबिश दी।
पुलिस ने मौके से दुर्ग निवासी कपिल तिवारी (19) और रायपुर निवासी मोहम्मद अनीश (52) को गिरफ्तार किया। उनके पास से 73 नग स्पासमो और नाइट्रोसन-10 जैसी प्रतिबंधित दवाएं जब्त की गईं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी मोहम्मद अनीश पहले भी वर्ष 2025 में नशीली टेबलेट के मामले में पकड़ा जा चुका है, जिस पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है।
इस नए मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ टिकरापारा थाने में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



