कोलकाता, 04 मई। WB Election Result 2026 : पश्चिम बंगाल के चुनावी रुझानों ने सियासी तस्वीर पूरी तरह बदल दी है। एक तरफ BJP खेमे में दिवाली जैसा जश्न देखने को मिल रहा है, वहीं अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस (TMC) के दफ्तरों में सन्नाटा पसरा हुआ है।
देश की राजधानी नई दिल्ली में TMC के आधिकारिक कार्यालय के बाहर सुबह से ही खामोशी छाई हुई है। रुझानों में पार्टी को 100 सीटों के आसपास संघर्ष करते देख न तो बड़े नेता नजर आ रहे हैं और न ही कार्यकर्ताओं की कोई हलचल दिख रही है।
वहीं कोलकाता में ममता बनर्जी के आवास के बाहर का नजारा भी बदला हुआ है। जहां आम दिनों में समर्थकों की भीड़ रहती थी, वहां आज BJP समर्थकों के ‘जय श्री राम’ के नारे गूंज रहे हैं। हालांकि, भवानीपुर सीट से ममता बनर्जी के लिए थोड़ी राहत जरूर है। 7वें राउंड की मतगणना के बाद वे 17,371 वोटों से आगे चल रही हैं, लेकिन राज्यभर के रुझानों ने TMC की चिंता बढ़ा दी है।
जंगलमहल क्षेत्र के पुरुलिया जिले में BJP का प्रदर्शन बेहद मजबूत नजर आ रहा है। जिले की सभी नौ विधानसभा सीटों पर BJP उम्मीदवार बढ़त बनाए हुए हैं। मतगणना केंद्रों के बाहर पार्टी कार्यकर्ताओं ने गेरुआ अबीर उड़ाकर और ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न शुरू कर दिया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि ये रुझान पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़े बदलाव का संकेत दे रहे हैं, जहां सत्ता का समीकरण तेजी से बदलता दिख रहा है।



