धमतरी। जिले के रुद्री स्थित पुलिस फायरिंग रेंज में अभ्यास के दौरान सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। नियमित फायरिंग ट्रेनिंग के दौरान 303 रायफल का चेंबर फट गया, जिससे निकला मेटल पार्ट पास में खड़े नगर सैनिक जवान को जा लगा और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
यह भी पढ़े :- ‘जनता कांग्रेस के खिलाफ’: चुनाव रुझानों के बीच डॉ. रमन सिंह का बड़ा बयान
जानकारी के अनुसार, पुलिस लाइन रुद्री में नगर सैनिकों की फायरिंग प्रैक्टिस चल रही थी। इसी दौरान तकनीकी खराबी के कारण राइफल का चेंबर फट गया और मेटल का टुकड़ा जवान चौबेलाल टंडन के गले के पीछे हिस्से में लग गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायल जवान को तुरंत जिला अस्पताल धमतरी ले जाया गया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तकनीकी खराबी बताया जा रहा है।
जिला अस्पताल के सिविल सर्जन अरुण कुमार टोंडर ने बताया कि घायल जवान का एक्स-रे किया गया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे का इलाज किया जाएगा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।




