कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर-नारायणपुर सीमा क्षेत्र में शनिवार को डी-माइनिंग और सर्च ऑपरेशन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। आईईडी निष्क्रिय करते समय अचानक विस्फोट होने से जिला रिजर्व गार्ड (DRG) के चार जवान इसकी चपेट में आ गए।
घटना में तीन जवान शहीद हो गए, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका बेहतर उपचार जारी है।
शहीद जवानों के नाम:
- इंस्पेक्टर सुखराम वट्टी
- कॉन्स्टेबल कृष्णा कोमरा
- कॉन्स्टेबल संजय गढ़पाले
घायल जवान:
- कॉन्स्टेबल परमानंद कोमरा
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, माओवादियों द्वारा पूर्व में छिपाए गए आईईडी को निष्क्रिय करने के अभियान के दौरान यह दुखद घटना हुई।
अधिकारियों ने बताया कि घायल जवान को तत्काल अस्पताल भेजा गया है, वहीं मामले में अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।
गौरतलब है कि राज्य के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों, विशेषकर बस्तर संभाग के जंगलों में माओवादियों द्वारा बड़ी संख्या में बारूदी सुरंगें बिछाई गई हैं, जो अब भी सुरक्षा बलों और ग्रामीणों के लिए गंभीर चुनौती बनी हुई हैं। सुरक्षाबल लगातार क्षेत्र में बारूदी सुरंगों की तलाश और उन्हें निष्क्रिय करने के अभियान में जुटे हुए हैं।



