बालोद। जिले के डौंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत बंधिया पारा में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। यहां 17 वर्षीय एक नाबालिग छात्र ने कथित तौर पर फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और स्तब्धता का माहौल है।
मृतक की पहचान राजवीर बघेल के रूप में हुई है, जो 10वीं कक्षा का छात्र था। जानकारी के अनुसार, वह पिछले दो वर्षों से बोर्ड परीक्षा में सफलता हासिल नहीं कर सका था। पहले वर्ष वह कई विषयों में असफल रहा था, जबकि इस वर्ष भी अधिकांश विषयों में फेल होने के बाद वह मानसिक रूप से काफी दबाव में था।
परिजनों का कहना है कि लगातार असफलताओं के कारण वह तनाव में रहने लगा था। इसी मानसिक स्थिति में उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने उसे फंदे पर लटका देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर डौंडी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।



