रायपुर। राजधानी रायपुर में सोलर स्ट्रीट लाइट प्रोजेक्ट दिलाने के नाम पर एक कारोबारी के साथ 53 लाख 60 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने खुद को प्रभावशाली नेताओं और अधिकारियों का करीबी बताकर कारोबारी को लालच में फंसाया और सुनियोजित तरीके से बड़ी रकम हड़प ली।
यह भी पढ़े :- भारत माला और आबकारी घोटाले पर ED का एक्शन! 17 किलो सोना, करोड़ों की नकदी-हीरे बरामद
मामला खम्हारडीह थाना क्षेत्र का है। कचना निवासी कारोबारी अंकित गोयल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
ठगी कैसे हुई?
शिकायत के अनुसार, वर्ष 2024 में अंकित गोयल की पहचान नयनित खेड़िया के माध्यम से राहुल शुक्ला से हुई। राहुल शुक्ला ने दावा किया कि वह बस्तर संभाग की कई ग्राम पंचायतों में सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने का सरकारी ठेका दिला सकता है।
उसने यह भी आश्वासन दिया कि हर स्ट्रीट लाइट पर लगभग 48 हजार रुपये का भुगतान मिलेगा, जिससे अच्छा मुनाफा कमाया जा सकता है। इसी लालच में आकर अंकित गोयल ने अलग-अलग समय पर नकद और बैंक ट्रांसफर के जरिए कुल 53.60 लाख रुपये राहुल शुक्ला और उसके साथियों को दे दिए।
आरोपियों ने फर्जी दस्तावेज दिखाकर भरोसा जताया। उन्होंने जैंको कंपनी और सरकारी टेंडर से जुड़े नकली कागजात, ऑर्डर कॉपी और अन्य दस्तावेज दिखाए। लंबे समय तक प्रोजेक्ट न मिलने पर जब अंकित गोयल ने अपना पैसा वापस मांगा तो आरोपियों ने टालमटोल शुरू कर दी। इसी दौरान ठगी का खुलासा हुआ।
पुलिस की कार्रवाई
खम्हारडीह पुलिस ने शिकायत पर राहुल शुक्ला, उसकी पत्नी और अन्य सहयोगियों के खिलाफ धोखाधड़ी और अन्य संबंधित धाराओं में FIR दर्ज कर ली है। पुलिस अब बैंक ट्रांजेक्शन, फर्जी दस्तावेजों, कॉल डिटेल्स और डिजिटल साक्ष्यों की जांच में जुट गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जल्द ही दबिश देने की तैयारी चल रही है।




