रायपुर। राजधानी में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और उसका वीडियो बनाकर परिजनों को भेजने के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित होटल मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता ने मामले में होटल मैनेजर की मिलीभगत का भी आरोप लगाया था।
पुलिस के अनुसार, 26 अप्रैल 2026 को पीड़िता ने थाना मौदहापारा में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि आरोपी टोनी ध्रूव उर्फ मुन्नू ने शादी का प्रलोभन देकर उसे जी.ई. रोड स्थित एक होटल में ले जाकर शारीरिक संबंध बनाए और उसका वीडियो बना लिया। बाद में आरोपी ने यह वीडियो पीड़िता के परिजनों को भेज दिया और शादी से इंकार कर दिया।
मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 75/2026 के तहत धारा 69 और 3(5) बीएनएस में केस दर्ज कर जांच शुरू की। गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने 24 घंटे के भीतर आरोपी टोनी ध्रूव (23) निवासी बीएसयूपी कॉलोनी, तेलीबांधा और होटल मैनेजर नितेश कुमार खुंटे (26) निवासी ग्राम कैथा, जिला सक्ती को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
जांच में सामने आया कि होटल मैनेजर ने नियमों का उल्लंघन करते हुए बिना वैध पहचान पत्र के कमरा उपलब्ध कराया, जिससे अपराध को अंजाम देने में मदद मिली। इस आधार पर उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की गई है।
होटल संचालकों को चेतावनी
रायपुर पुलिस ने सभी होटल, लॉज और गेस्ट हाउस संचालकों को सख्त निर्देश जारी किए हैं कि हर आगंतुक से वैध आईडी प्रूफ लेना और उसका रिकॉर्ड रखना अनिवार्य है। बिना आईडी के कमरा देना या नियमों में लापरवाही बरतना गंभीर अपराध माना जाएगा, जिस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।



