जगदलपुर। बस्तर जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक नशे की हालत में अपनी ही मां को चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देता था। परेशान होकर मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
मामला बोधघाट थाना क्षेत्र का है। पीड़िता मां ने पुलिस को बताया कि उसका बेटा संजू श्रीवास्तव नशे का आदी है और रोजाना शराब के नशे में घर आकर माता-पिता के साथ गाली-गलौज करता है और चाकू दिखाकर धमकाता है।
21 अप्रैल की रात भी आरोपी नशे की हालत में घर पहुंचा। मां द्वारा डांटने पर वह भड़क गया और गाली-गलौज करते हुए चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देने लगा। इसके बाद पीड़िता ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
बस्तर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग और नगर पुलिस अधीक्षक सुमीत डी धोत्रे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी टामेश्वर चौहान के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी संजू श्रीवास्तव (उम्र 19 वर्ष), निवासी नयामुंडा, जगदलपुर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में गुंडागर्दी और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



