दुर्ग जिले के स्मृति नगर चौकी क्षेत्र अंतर्गत एसटीएफ कॉलोनी में एक दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक महिला द्वारा आरक्षक के घर में घुसकर चाकू से हमला किया गया। इस हमले में आरक्षक नितेश यादव की पत्नी और 9 वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल है और आईसीयू में भर्ती बताई जा रही है।
घटना के दौरान एक अन्य बच्चे ने किसी तरह बाथरूम में छिपकर अपनी जान बचाई, जिससे एक और बड़ी अनहोनी टल गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी महिला सरोजनी भारद्वाज और आरक्षक नितेश यादव के बीच कथित अवैध संबंधों की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि घटना से एक दिन पहले भी आरोपी महिला घर आई थी, जिसे समझा-बुझाकर वापस भेज दिया गया था। इसी बात को लेकर उसके मन में रंजिश बनी और उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
हमले के दौरान महिला ने घर के अंदर घुसकर पत्नी और बच्चों पर ताबड़तोड़ चाकू से वार किए, जिससे पूरा परिवार खून से लथपथ हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही दुर्ग पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी सरोजनी भारद्वाज को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूरे क्षेत्र में घटना के बाद भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और जांच जारी है।



