कोंडागांव। जिले में टेंट कारोबारी सुरेश चौहान की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। उनका शव हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पीछे एक खेत में अर्धनग्न अवस्था में दफन मिला है। पुलिस ने इस मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
यह भी पढ़े :- POCSO Act Case : बीजापुर में सनसनीखेज घटना…! सुनसान जगह ले जाकर नाबालिग से गैंगरेप…5 आरोपी अरेस्ट
जानकारी के अनुसार, 53 वर्षीय सुरेश चौहान, जो ‘शिरोमणि डेकोरेट टेंट’ के संचालक थे, 11 अप्रैल से लापता थे। परिजनों ने उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई थी। इस दौरान करीब 150 सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए।
जांच के दौरान विकास नगर ग्राउंड में खून से सनी एक बाइक बरामद हुई, जिसके बाद पुलिस को अहम सुराग मिले। तकनीकी साक्ष्यों और फुटेज के आधार पर एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पीछे एक खेत तक पहुंची, जहां जमीन में दफन सुरेश चौहान का शव बरामद किया गया।
बताया जा रहा है कि शव को मिट्टी से ढक दिया गया था और करीब डेढ़ किलोमीटर अंदर खेत में छिपाया गया था। प्रारंभिक जांच में लूट की आशंका जताई जा रही है, क्योंकि मृतक के पास सोने की चेन, अंगूठी और नकदी थी।
हालांकि पुलिस इस मामले में लूट के साथ-साथ आपसी संबंध (अफेयर) और जुआ-सट्टा जैसे अन्य एंगल से भी जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि मृतक को दंतेवाड़ा में टेंट का बड़ा ऑर्डर मिला था और वह वहां जाने की तैयारी में थे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा और अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं मृतक के परिजनों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।



