दुर्ग। दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र में 5 साल की बच्ची के साथ दरिंदगी और हत्या के प्रयास के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की। शनिवार को आरोपी का जुलूस निकाला गया, इस दौरान वह सिर झुकाए अपने कृत्य पर पछतावा जताता नजर आया।
यह भी पढ़े :- आशा भोसले अस्पताल में भर्ती, पीएम मोदी ने जताई चिंता, जल्द स्वस्थ होने की कामना
जुलूस के दौरान बिगड़ी हालत
पुलिस जब आरोपी को मेडिकल जांच के लिए सुपेला अस्पताल लेकर पहुंची, तभी उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसे मिर्गी जैसे झटके आए और वह जमीन पर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने प्राथमिक तौर पर उसे संभाला, जिसके बाद अस्पताल स्टाफ की मदद से उसे स्ट्रेचर पर भर्ती कराया गया। कुछ देर उपचार के बाद उसकी हालत सामान्य बताई गई।
ऐसे सामने आया मामला
घटना शुक्रवार की है, जब 5 वर्षीय बच्ची अचानक घर से लापता हो गई। परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। देर शाम एक कुएं के पास संदिग्ध बोरा मिला। खोलने पर बच्ची अंदर डरी-सहमी हालत में मिली, उसका मुंह बंधा हुआ था।
मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने जांच तेज की। जांच में सामने आया कि बच्ची चॉकलेट लेने दुकान गई थी, जिसके बाद वह लापता हो गई। पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया।
आरोपी ने कबूला जुर्म
पुलिस ने आरोपी धनेश्वर साहू उर्फ जनता (40) को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया। उसके पास से बोरा, तकिया कवर और अन्य सामान भी जब्त किए गए हैं।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी बच्ची को अपने घर ले गया था और वारदात के बाद उसे कुएं में फेंकने की कोशिश कर रहा था। हालांकि, आसपास लोगों की हलचल देख वह घबरा गया और बच्ची को बोरे में डालकर खंडहर के पास छोड़कर फरार हो गया।
बच्ची सदमे में, इलाज जारी
घटना के बाद बच्ची गहरे सदमे में है और किसी से बात नहीं कर पा रही है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन मानसिक रूप से उसे देखभाल की जरूरत है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।



