रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में उत्साह का माहौल है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने सभी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता हमेशा राष्ट्र को सर्वोपरि रखता है और जनसेवा को ही प्रभु सेवा मानकर कार्य करता है।
यह भी पढ़े :- सोमवार को जल में ये चीज मिलाकर करें शिवलिंग का अभिषेक, धन-धान्य में होगी बढ़ोतरी
उन्होंने पार्टी के वैचारिक आधार को याद करते हुए डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, कुशाभाऊ ठाकरे, विजयराजे सिंधिया और अटल बिहारी वाजपेयी को नमन करते हुए कहा कि इन महान नेताओं के योगदान से ही पार्टी आज इस मुकाम पर पहुंची है।
प्रदेश अध्यक्ष देव ने बताया कि भाजपा का गठन 6 अप्रैल 1980 को हुआ था, जिसका मूल आधार भारतीय जनसंघ से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है और यह प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए गर्व का विषय है।
इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 6 से 12 अप्रैल तक प्रदेशभर में सेवा सप्ताह और विभिन्न संगठनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
5 से 7 अप्रैल तक पार्टी कार्यालयों और कार्यकर्ताओं के घरों में दीपोत्सव और सजावट की जाएगी। 6 अप्रैल को सभी स्तरों पर ध्वजारोहण, उद्बोधन, मिष्ठान वितरण और सोशल मीडिया अभियान चलाया जाएगा। 6 और 7 अप्रैल को बूथ स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया जाएगा, वहीं 8 और 9 अप्रैल को जिला स्तरीय सम्मेलन आयोजित होंगे।
7 से 12 अप्रैल तक ‘गांव/बस्ती चलो अभियान’ के तहत जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता गांवों और बस्तियों में जाकर जनसंपर्क करेंगे, स्वच्छता अभियान चलाएंगे और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद करेंगे।
इसी कड़ी में विष्णुदेव साय 6 अप्रैल को सुबह 11 बजे रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में ध्वजारोहण करेंगे। इसके अलावा दिनभर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें कार्यकर्ता सम्मेलन भी शामिल है।
भाजपा का यह स्थापना दिवस न केवल संगठनात्मक मजबूती का प्रतीक होगा, बल्कि राष्ट्र निर्माण के संकल्प को और अधिक सशक्त करने का अवसर भी बनेगा।



