रायपुर। टिकरापारा थाना क्षेत्र में ज्वेलरी दुकान से चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले महिला समेत दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 5.33 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक 12 मार्च 2026 को देवपुरी स्थित एक ज्वेलरी दुकान के संचालक ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि दोपहर करीब 3:30 बजे एक महिला और एक युवक सोने का रानी हार खरीदने के बहाने दुकान पहुंचे। इस दौरान दुकान में संचालक का पुत्र भी मौजूद था।
खरीदारी के दौरान महिला ने चालाकी से सोने का रानी हार, सोने की चांद बाली, सोने की अंगूठी, चांदी की पायल और चांदी की बिछिया पहन ली। इसके बाद उसने बहाना बनाया कि उसकी सहेली बैंक से पैसे लेकर आ रही है और वह एक और हार खरीदेगी। कुछ देर बाद महिला फोन पर बात करते हुए बाहर निकल गई और लौटकर नहीं आई।
दुकान में मौजूद युवक से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम मेषराम साहू बताया और महिला का नाम कमलेश्वरी साहू बताया। पूछताछ के दौरान युवक भी भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन उसे पकड़ लिया गया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) संदीप कुमार पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा तथा सहायक पुलिस आयुक्त नवनीत पाटिल के निर्देशन में पुलिस टीम ने कार्रवाई शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फरार महिला आरोपी को दुर्ग से चोरी किए गए जेवरों के साथ गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने का रानी हार, सोने की चांद बाली (एक जोड़ी), सोने की अंगूठी, चांदी की पायल (एक जोड़ी) और चांदी की बिछिया (तीन जोड़ी) के साथ घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेकर अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ करेगी।
गिरफ्तार आरोपी
कमलेश्वरी साहू (35) निवासी बजरंग चौक के पास, चांपा
मेषराम साहू (21) निवासी बिरोदा, अभनपुर


