रायपुर। गैस सिलेंडर को लेकर एजेंसियों में लग रही लंबी कतारों पर छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों और अफवाहों के कारण यह स्थिति बनी है, जबकि देश में पेट्रोल और गैस की कोई कमी नहीं है।
मीडिया से चर्चा के दौरान उन्होंने लोगों से धैर्य रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार कालाबाजारी करने वालों पर सख्त कार्रवाई कर रही है।
अफीम की खेती को लेकर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के विधानसभा घेराव के सवाल पर अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में ही अफीम की खेती शुरू हुई थी। कांग्रेस सरकार के दौरान नशे का कारोबार बढ़ा, जिसका परिणाम अब सामने आ रहा है। उन्होंने कहा कि सूचना मिलने पर सरकार ने तुरंत और कठोर कार्रवाई की है और किसी को भी नशे का कारोबार करने नहीं दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पूरे प्रदेश में सर्वे कराने के निर्देश दिए हैं। जहां भी गड़बड़ी मिलेगी, वहां सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रदेश में शुरू की जा रही गौधाम योजना को लेकर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले की गौठान योजना का इस्तेमाल जनता के पैसे की बर्बादी के लिए किया गया। उन्होंने कहा कि नई गौधाम योजना के तहत प्रदेश में 1460 गौधाम बनाए जाएंगे, जिनमें से 26 को स्वीकृति मिल चुकी है।
उन्होंने बताया कि गौधाम में चरवाहों को मानदेय, पशुओं के लिए चारा और अन्य व्यवस्थाएं की जाएंगी। सरकार का दावा है कि यह योजना पशुपालन और गौसेवा को बढ़ावा देने में प्रभावी साबित होगी।



