रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में वित्त मंत्री ओपी चौधरी के बजट पेश करने से एक दिन पहले पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने राज्यपाल के अभिभाषण के ठीक अगले दिन बजट पेश किए जाने पर आपत्ति जताते हुए कहा कि इससे अभिभाषण की गरिमा प्रभावित हो रही है।
मीडिया से चर्चा में बघेल ने कहा कि सरकार बजट को गंभीरता से नहीं ले रही है। उनके अनुसार, “थकी और झुकी सरकार के पास कोई उपलब्धि नहीं है, इसलिए इस बार के बजट से भी कोई उम्मीद नहीं है।” उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “ट्रंप के भाषण से पता चलेगा कि छत्तीसगढ़ के बजट में क्या है।”
चीनी रोबोट विवाद पर भी साधा निशाना
गलगोटियास यूनिवर्सिटी में चीनी रोबोट से जुड़े विवाद को लेकर भी बघेल ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में शिक्षक ‘कुत्ता खोजने’ में लगे थे और अब देशभर में ‘चीनी कुत्ते’ की चर्चा हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोध के दौरान कुछ लोगों ने शर्टलेस प्रदर्शन किया, जबकि पहले दिल्ली में हुए नग्न प्रदर्शनों पर चुप्पी साधी गई थी।
साथ ही उन्होंने कहा कि जब राहुल गाँधी और अन्य सांसदों के खिलाफ आपत्तिजनक बयान दिए गए, तब संबंधित लोगों ने विरोध क्यों नहीं किया।
होली पर शराब दुकान खुलने के मुद्दे पर बयान
होली के दिन शराब दुकानें खुली रखने के सवाल पर मंत्री रामविचार नेताम पर निशाना साधते हुए बघेल ने कहा कि “बीजेपी देश की इज्जत उतारने में लगी है। होली के दिन शराब दुकान खोलेंगे तो माहौल बिगड़ेगा ही।”
अंतरराष्ट्रीय संदर्भों का भी जिक्र
बघेल ने कहा कि देश की छवि को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी का नाम ‘एप्स्टीन फाइल्स’ में आने का दावा करते हुए केंद्र सरकार पर भी हमला बोला। साथ ही उन्होंने कहा कि “हमारे देश का फैसला सात समंदर पार बैठा ट्रंप कर रहा है।”
राज्यसभा नामांकन पर क्या बोले?
छत्तीसगढ़ से राज्यसभा के लिए नामांकन को लेकर बघेल ने कहा कि अंतिम निर्णय पार्टी हाईकमान करेगा। उन्होंने संकेत दिया कि अन्य नेताओं को भी अवसर मिलना चाहिए और प्रदेश कांग्रेस कमेटी नाम तय कर हाईकमान को भेजेगी।



