रायपुर। रायपुर पुलिस की सतत और रणनीतिक कार्रवाई के चलते दो व्यक्तियों को बंधक बनाकर वसूली की साजिश को विफल कर दिया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर दोनों बंधकों को सकुशल मुक्त कराया और 06 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया।घटना की जानकारी मुखबिर के माध्यम से 19 फरवरी को मिली थी कि थाना आजाद चौक क्षेत्रांतर्गत घोराही तालाब, रामकुंड के पास दो व्यक्तियों को अवैध रूप से बंधक बनाकर मारपीट की जा रही थी। डीसीपी वेस्ट संदीप पटेल ने तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए।
एडिशनल डीसीपी राहुल देव शर्मा और एसीपी इशु अग्रवाल के मार्गदर्शन में थाना आजाद चौक की टीम ने क्षेत्र की घेराबंदी और सघन तलाशी कर एक झोपड़ी में रेड कार्रवाई की। इस कार्रवाई में जीवन यदु और राकेश शर्मा को सकुशल मुक्त कराया गया।पूछताछ में पता चला कि लगभग 2 लाख रुपये के लेन-देन विवाद के कारण आरोपियों ने सुनियोजित षड्यंत्र रचकर दोनों बंधकों से जबरन जमीन के दस्तावेज पर हस्ताक्षर कराए और नगद, बैंक दस्तावेज, मोबाइल एवं मोटरसाइकिल लूट ली।
पुलिस ने लगातार दबिश और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर निम्न 06 आरोपियों को गिरफ्तार किया:
कामरान अब्बास, 29 वर्ष, शिव नगर हाण्डीपारा, रायपुर।
नवीन उर्फ नन्नू ढीमर, 19 वर्ष, रामकुंड यूनियन क्लब, रायपुर।
लक्की निषाद उर्फ छोटा चिकन, 19 वर्ष, रामकुंड सतबहनिया मंदिर, रायपुर।
राकेश धीवर, 24 वर्ष, रामकुंड खाटू श्याम मंदिर, रायपुर।
अनिल धीवर, 30 वर्ष, रामकुंड खाटू श्याम मंदिर, रायपुर।
हरिओम सोनकर, 47 वर्ष, रामकुंड यूनियन क्लब, रायपुर।
अधिकारियों ने आरोपियों के कब्जे से 3,500 रुपये नगद, 02 पिस्टल, 02 जिंदा कारतूस और 06 मोबाइल फोन जप्त किए। हरिओम सोनकर के खिलाफ 14 पूर्व आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, जबकि अन्य आरोपी भी पहले जेल जा चुके हैं।सभी आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 42/2026 में भारतीय दंड संहिता की कई धाराओं और आर्म्स एक्ट के अंतर्गत विधिसम्मत कार्रवाई की गई है। शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश जारी रखे हुए है।



