रायपुर। थाना सिविल लाइन थाना क्षेत्र में कार से लाखों रुपये गबन करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरी रकम 36 लाख 50 हजार रुपये बरामद कर ली है। इस कार्रवाई को एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट और सिविल लाइन पुलिस ने संयुक्त रूप से अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी ज्ञानप्रकाश पांडे, निवासी पिरदा, ने जमीन खरीद के लिए 36.50 लाख रुपये नकद कार में रखे थे। रजिस्ट्री ऑफिस जाने के दौरान उनके साथी नितिन कुमार सोनी ने फोन कर रकम चोरी होने की सूचना दी, लेकिन बाद में जांच में वही मास्टरमाइंड निकला।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और पूछताछ में विरोधाभास मिलने पर पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, जिसमें नितिन सोनी ने अपने साथी तनवीर आलम के साथ मिलकर रकम गबन करने की बात स्वीकार की। आरोप है कि कर्ज में डूबे होने के कारण उसने यह साजिश रची थी।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई की गई और घटना के कुछ ही घंटों में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरी रकम बरामद कर ली गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



