नई दिल्ली: देशभर में मौसम तेजी से करवट ले रहा है। लगातार सक्रिय हो रहे दो वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण कई राज्यों में बारिश और बर्फबारी की संभावना बन रही है। खासकर पश्चिमी हिमालय और उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में 13, 17 और 18 फरवरी को मौसम बदल सकता है।
14 फरवरी को दिल्ली-एनसीआर में मौसम साफ रहने की उम्मीद है। सुबह हल्का कोहरा दिख सकता है, लेकिन दिन में धूप खिलेगी और हल्की गर्मी महसूस होगी। हालांकि, 16 फरवरी के बाद हल्की बूंदाबांदी से मौसम फिर करवट ले सकता है।
इन राज्यों में बारिश का अलर्ट
17 और 18 फरवरी 2026 को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में बारिश और आंधी-तूफान की संभावना है। वहीं, बिहार में फिलहाल मौसम सामान्य रहने के आसार हैं।
पहाड़ों पर बर्फबारी की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से 17 और 18 फरवरी को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 16 और 17 फरवरी को मौसम खराब रहने की चेतावनी है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी 17-18 फरवरी को बारिश या बर्फबारी संभव है। साथ ही, हिमाचल के कुछ इलाकों में 15 फरवरी तक सुबह घना कोहरा छा सकता है।
अरुणाचल प्रदेश में 15 फरवरी को और अंडमान-निकोबार में 16-17 फरवरी को बारिश की संभावना है। महाराष्ट्र में अगले चार दिनों तक मौसम स्थिर रहेगा, लेकिन बाद में तापमान 2-3 डिग्री बढ़ सकता है।



