नई दिल्ली: ताजा मौसम अपडेट के अनुसार शनिवार को देश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम साफ और शुष्क रहेगा। उत्तर और मध्य भारत में ठंडी व शुष्क हवाएं चलती रहेंगी। इससे सुबह और शाम ठंडक बनी रहेगी, जबकि दिन का तापमान सामान्य स्तर पर रहेगा। मौसम विशेषज्ञ देवेंद्र त्रिपाठी के मुताबिक, हिमालय क्षेत्र में पहुंचा पश्चिमी विक्षोभ अब कमजोर पड़ गया है। इसलिए फिलहाल मौसम में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
16 फरवरी तक नहीं होगा बड़ा बदलाव
मौसम विभाग का कहना है कि 16 फरवरी तक देश में मौसम स्थिर रहेगा। अगला पश्चिमी विक्षोभ 16 फरवरी के आसपास उत्तरी पहाड़ों तक पहुंच सकता है। तब तक 14 और 15 फरवरी को उत्तर, दक्षिण, पूर्व और मध्य भारत में साफ आसमान और शुष्क मौसम बना रहेगा।
पंजाब से लेकर महाराष्ट्र तक, गुजरात, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में ठंडी उत्तरी हवाएं चलेंगी। इससे सुबह और रात में हल्की ठंड महसूस होगी, लेकिन दिन में ज्यादा ठंड नहीं पड़ेगी।
पश्चिमी तट पर बढ़ेगी गर्मी
जहां देश के अधिकतर हिस्सों में ठंडक रहेगी, वहीं तटीय कर्नाटक, कोंकण और गोवा में तापमान सामान्य से 4-5 डिग्री ज्यादा रह सकता है। गोवा, मुंबई, रत्नागिरी, रायगढ़ और सिंधुदुर्ग में गर्मी तेज महसूस होगी। यहां हीटवेव जैसी स्थिति बन सकती है। लोगों को धूप से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई है।



