रायपुर। भारतमाला परियोजना मुआवजा घोटाले के मामले में फरार चल रहे शशिकांत कुर्रे, तत्कालीन तहसीलदार अभनपुर और लखेश्वर प्रसाद किरण, तत्कालीन नायब तहसीलदार गोबरा नवापारा को आज गिरफ्तार किया गया।
ब्यूरो में विवेचनाधीन अपराध क्रमांक 30/2025 के तहत, आरोप है कि दोनों अधिकारियों ने अपने पद का दुरुपयोग कर कूटरचित राजस्व अभिलेख और दस्तावेज तैयार कर प्रभावित भू-स्वामियों को वास्तविक मुआवजा से कई गुना अधिक राशि दिलवाकर सरकार को करोड़ों का नुकसान पहुँचाया। इसमें उनके अधीनस्थ पटवारी, राजस्व निरीक्षक और भूमाफिया भी शामिल थे।
विदित हो कि आरोपियों द्वारा पहले माननीय उच्चतम न्यायालय में जमानत याचिका दायर की गई थी, जिसे निरस्त कर दिया गया था। इसके अलावा, उन्हें और अन्य फरार लोकसेवकों के खिलाफ विशेष न्यायालय रायपुर ने स्थायी गिरफ्तारी वारंट और उद्घोषणा जारी की थी।
आरोपी शशिकांत कुर्रे और लखेश्वर प्रसाद किरण को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पूछताछ के दौरान घोटाले के और विवरण उजागर होने की संभावना है।



