रायपुर :-राजधानी रायपुर में चोरी की वारदातों से परेशान लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। रील्स देखकर ज्वेलरी दुकानों और सूने मकानों को निशाना बनाने वाले शातिर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट की कार्रवाई में कुल 8 मामलों का खुलासा हुआ है और हिस्ट्रीशीटर संजय नेताम समेत 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात, नगदी रकम और मोटर सायकल सहित करीब 28 लाख रुपए का माल बरामद किया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त क्राइम एंड साइबर स्मृतिक राजनाला की सतत मॉनिटरिंग में की गई। अलग-अलग थानों खम्हारडीह, डी.डी. नगर, पुरानी बस्ती, आरंग, पंडरी, विधानसभा और बलौदा बाजार जिले के पलारी में दर्ज चोरी के मामलों को सुलझाने के लिए छह टीमें बनाई गई थीं। टीमों ने घटनास्थलों का निरीक्षण किया, आसपास के लोगों से पूछताछ की और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर धरपकड़ की गई। खम्हारडीह और डी.डी. नगर के मामलों में पकड़ा गया संजय नेताम उर्फ गोलू पहले से ही हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। वहीं अन्य प्रकरणों में भूपेंद्र पटेल, करण टांडी, प्रमोद चतुर्वेदी, रितेश कुर्रे, रुद्रांश श्रीवास्तव और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया से अपराध का तरीका सीखकर वारदात करने वालों पर आगे भी कड़ी नजर रखी जाएगी और ऐसी घटनाओं में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
रील्स



